गडोल में बर्फीले तूफान की चपेट में आए दो पैरा कमांडो में से एक शहीद, दूसरे की तलाश में जारी है अभियान
श्रीनगर (आरएनआई): जम्मू-कश्मीर के कोकरनाग के गडोल जंगल क्षेत्र में आतंकियों की तलाश के दौरान सोमवार को बर्फीले तूफान की चपेट में आए दो पैरा कमांडो में से एक जवान शहीद हो गया, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है। वीरवार को सेना ने शहीद जवान का शव और सर्विस राइफल बरामद कर ली।
सेना सूत्रों के अनुसार, लापता दूसरे जवान की खोज के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान हेलिकॉप्टर, क्वाडकॉप्टर, ड्रोन और एडवांस सेंसिंग टेक्नोलॉजी की मदद ली जा रही है। खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सेना और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार मोर्चे पर डटी हुई हैं। साथ ही, इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी तो नहीं है।
चिनार कोर ने बुधवार को जानकारी दी थी कि ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान पैरा ट्रूपर्स की एक टीम अचानक आए बर्फीले तूफान में फंस गई थी, जिससे दो जवानों से संपर्क टूट गया। बताया जा रहा है कि लापता और शहीद हुए दोनों जवान अग्निवीर हैं।
गौरतलब है कि गडोल क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों से आतंकवाद की गतिविधियों का नया केंद्र बन गया है। सितंबर 2023 और अगस्त 2024 में यहां दो बड़े ऑपरेशन चलाए गए थे।
सितंबर 2023 में हुए ऑपरेशन में लश्कर कमांडर उजैर खान सहित दो आतंकवादी मारे गए थे। हालांकि, इस दौरान कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोंचक, डीएसपी हुमायूं भट समेत कई जवानों ने बलिदान दिया था। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर के फाल्कन स्क्वॉड ने ली थी।
अगस्त 2024 में इसी क्षेत्र में हुए दूसरे ऑपरेशन में भी दो दिन तक मुठभेड़ चली थी, जिसमें सेना के दो जवान और एक स्थानीय नागरिक ने अपनी जान गंवाई थी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



