किसी भी समय ब्लॉक में हो सकती है बड़ी घटना, सचिवों ने बीडीओ को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया
शाहाबाद हरदोई (आरएनआई) शाहाबाद ब्लॉक मुख्यालय पर एक प्रधान द्वारा लगातार सचिव को पीटना और गाली-गलौज करना आम बात हो गई है। सचिवों को आशंका है कि किसी भी समय कोई भी बड़ी घटना घट सकती है लेकिन प्रशासन पूरी तरह से मूकदर्शक बना हुआ है। गुरुवार को फिरोजपुर खुर्द के प्रधान विवेक पांडे द्वारा सचिन हर्षित सिंह के साथ हाथापाई करने और जान माल की धमकी देकर गंदी-गंदी गालियां देने से सचिवों के अंदर भय व्याप्त हो गया है। सचिवों ने शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर बैठक करके बीडीओ को 24 घंटे के अंदर हर्षित सिंह का तबादला अन्यत्र करने के लिए अल्टीमेटम दिया है। ब्लॉक शाहाबाद की ग्राम पंचायत फिरोजपुर खुर्द के ग्राम प्रधान विवेक पाण्डेय ने दूसरी बार 29 जनवरी को सचिव हर्षित सिंह को गाली गलौज करते हुए हाथ पाई की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। विवेक पाण्डेय ने इससे पहले 11 नवंबर 2025 को ब्लॉक पर हर्षित सिंह से हाथापाई की थी जिसके विरोध में ब्लॉक शाहाबाद के सभी सचिवों ने विरोध दर्ज कराया। उसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी प्रधान के खिलाफ अभी तक कोई कार्यवाही न होना यह दर्शाता है कि प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है, जब कि प्रधान ने पहले से ही हर्षित सिंह को जान से मारने की धमकी दे रखी है। क्या घटना होने बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी ? हर्षित सिंह लगातार मानसिक प्रताड़ित हो रहे हैं। सचिव हर्षित सिंह के अन्यत्र तबादले को लेकर सभी सचिवों ने एक बैठक की और यह निर्णय लिया कि 24 घंटे के अंदर अगर बीडीओ यहां से ट्रांसफर नहीं करवाते हैं तो सभी सचिव कार्य का बहिष्कार करेंगे।
एफआईआर पर कार्रवाई क्यों नहीं ?
सरकारी कार्य में बाधा डालने और सचिव से मारपीट करने का मुकदमा दर्ज होने के बाद शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने एक भी बार प्रधान विवेक पांडे को बुलाना मुनासिब नहीं समझा। आखिर वजह क्या है ? जिससे प्रधान विवेक पांडे के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और वह आए दिन सचिव को शराब पीकर मारपीट और गाली गलौज कर रहा है।
राजनैतिक दबाव में नहीं हो रही कार्रवाई
सचिवों का मानना है प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी राजनैतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है जिससे प्रधान के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और सचिवों को मारपीट और गाली गलौज कर बेइज्जत किया जा रहा है ?
राजनैतिक संरक्षण में खुलेआम घूम रहा है प्रधान
सचिवों का मानना है राजनैतिक संरक्षण प्राप्त होने की वजह से प्रधान खुलेआम घूम रहा है और गुंडई कर रहा है, अगर प्रधान पर पिछली एफ आई आर दर्ज होने के बाद कार्रवाई हो गई होती तो शायद उसके हौसले बुलंद नहीं होते और दोबारा यह घटना नहीं होती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
1
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



