कासगंज में शादी समारोह में डीजे बंद कराने को लेकर बवाल, युवक ने गुस्से में कार से कुचला दूल्हे के ताऊ-चाचा-मौसा, तीनों की मौत
कासगंज (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर हुआ विवाद खौफ़नाक घटना में बदल गया। गुस्से में आए एक युवक ने कार चढ़ाकर दूल्हे के ताऊ, चाचा और मौसा को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के जेड एस पैलेस गेस्ट हाउस में बुधवार रात विकास पुत्र रामसनेही यादव का विवाह समारोह चल रहा था। तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने के लिए एटा जनपद के जैथरा निवासी कौशल यादव पहुंचे, जिससे रिश्तेदारों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कौशल गुस्से में समारोह छोड़कर बाहर निकल आया। परिजन उसे मनाने बाहर पहुंचे, तभी उसने कार स्टार्ट कर तीव्र गति से आगे बढ़ा दी और तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में दूल्हे के ताऊ सुरेश चंद्र (55), चाचा गिरीश चंद्र (50) और मौसा बृजेश (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद शादी का माहौल शोक में तब्दील हो गया और परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार यह वारदात बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के तीन बजे के बीच हुई। आरोपी कौशलेंद्र यादव, जो दूल्हे की चचेरी भाभी का चचेरा भाई बताया जा रहा है, घटना के बाद से फरार है। कोतवाली प्रभारी भोजराज अवस्थी ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है, जहां एक खुशहाल विवाह समारोह अचानक त्रासदी में बदल गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



