आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा टला, महिला कल्याण मंत्री बेबीरानी मौर्य की कार ट्रक से टकराई — बाल-बाल बचीं मंत्री
आगरा (आरएनआई): उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास सेवा तथा पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। उनकी सरकारी गाड़ी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक से टकरा गई, हालांकि सौभाग्य से मंत्री और उनके सुरक्षाकर्मी सुरक्षित हैं।
टायर फटने से हुआ हादसा
यह हादसा नसीरपुर थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 56 के पास रात करीब 8 बजे हुआ। मंत्री मौर्य अपने काफिले के साथ हाथरस से लखनऊ की ओर जा रही थीं। तभी उनके बराबर से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे ट्रक की साइड उनकी गाड़ी से जोर से टकरा गई।
मंत्री सुरक्षित, ट्रक जब्त
टक्कर इतनी तेज थी कि काफिले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि मंत्री बेबीरानी मौर्य को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। उनके सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत ट्रक को रुकवाया। सूचना मिलते ही नसीरपुर इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
एसपी देहात अनुज चौधरी ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। मंत्री को सुरक्षित रूप से दूसरी गाड़ी से लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई।
यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार और वाहन सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्कता की जरूरत है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



