आगरा में आफत की बारिश: हाईवे बना झील, सड़कें बनीं तालाब, देर रात तक जाम में फंसे रहे लोग

आगरा में मेघ आफत बनकर बरसे। शाम को शुरू हुई तेज बारिश देर रात तक रुक-रुक कर होती रही। जोरदार बारिश से शहर से हाईवे तक पानी भर गया।

Jul 31, 2025 - 10:35
 0  81
आगरा में आफत की बारिश: हाईवे बना झील, सड़कें बनीं तालाब, देर रात तक जाम में फंसे रहे लोग

आगरा (आरएनआई) दिन में उमस के बाद बुधवार शाम को तेज बारिश शुरू हुई जो देर रात तक रुक-रुक कर होती रही। इससे कई सड़कें दरिया जैसी बन गईं। हाईवे पर भी जलभराव हो गया। लोग जलभराव और जाम से रात 12 बजे तक जूझते नजर आए। ग्वालियर, दिल्ली और अलीगढ़ हाईवे पर वाहन रेंगते दिखे। करीब 48 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक बृहस्पतिवार को भी बारिश के आसार हैं।

बारिश से दयालबाग, खंदारी, नगला बूढ़ी, 100 फुट रोड, कमला नगर, बल्केश्वर, मुगल रोड, वाटर वर्क्स लाल मस्जिद रोड, ट्रांसयमुना, टेढ़ी बगिया, पंचकुइयां, फाउंड्री नगर, अलबतिया रोड, अवधपुरी, मारुति एस्टेट, लोहामंडी-सेंट जोंस रोड, गधापाड़ा, बेलनगंज, फ्रीगंज, ताजगंज, फतेहाबाद रोड, मुगल पुलिया, सुंदरपाड़ा, साकेत कॉलोनी, गोविंद नगर, बोदला, आवास विकास कॉलोनी, गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने और कैलाशपुरी, मदिया कटरा रोड पर जलभराव हो गया।

इससे वाहनों की रफ्तार थम गई। जलभराव और बारिश में कई वाहन बंद हो गए, जिससे जाम और बढ़ता गया। देर रात तक लोग जाम में फंसे नजर आए। हाईवे पर सिकंदरा से रामबाग के बीच जगह-जगह जलभराव से दिक्कतें हुईं। सुल्तानगंज पुलिया पर दो-तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे सर्विस लेन और हाईवे पर वाहनों का चलना मुश्किल हो गया। इसका असर पूरे हाईवे पर पड़ा।

जलभराव के कारण वाहन रेंगकर चले। एक लेन पानी में डूब जाने से छोटे वाहन बंद हो गए, जाम लग गया। शहर के अंदर एमजी रोड, यमुना किनारा, फतेहाबाद रोड पर जलभराव के कारण लोग जाम में फंसे रहे। वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यक्रम खत्म होने के बाद फतेहाबाद रोड से लेकर खंदारी तक का क्षेत्र जाम से जूझता रहा। इसी रूट से राज्यपाल खंदारी स्थित गेस्ट हाउस पहुंचीं। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.