अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ का कहर: 13 की मौत, समर कैंप की 23 लड़कियां लापता

अमेरिका के टेक्सास में स्थित हिल कंट्री में भारी बारिश से आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है। बाढ़ की वजह से 13 लोगों की मौत हो गई और कैंप मिस्टिक की 23 लड़कियां लापता हैं।

Jul 5, 2025 - 13:19
 0  54
अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ का कहर: 13 की मौत, समर कैंप की 23 लड़कियां लापता

कर्विल (आरएनआई) अमेरिका के टेक्सास राज्य में स्थित हिल कंट्री इलाके में रातोंरात भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। कुछ ही घंटों में इतनी बारिश हुई जितनी आमतौर पर महीनों में नहीं होती, जिसकी वजह से ग्वाडालूप नदी में बाढ़ आ गई। नदी में बाढ़ आने ने कम से कम 13 लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा लड़कियां, जो एक गर्ल्स समर कैंप में थीं, लापता हो गईं। बचाव दल हेलिकॉप्टर और नावों के जरिए तेज बहाव में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश में जुटे हैं।

कर्विल काउंटी में रात भर में 10 इंच से ज्यादा बारिश हुई, जिससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, हंट के पास ग्वाडालूप नदी का जलस्तर सिर्फ 2 घंटे में 22 फीट तक चढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक बॉब फोगार्टी ने कहा, ‘पानी इतनी तेजी से बढ़ा कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।’ काउंटी के जज रॉब केली ने बताया कि कई लोगों की लाशें मिली हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा, ‘हमारी कोशिश जारी है, लेकिन हालात बहुत मुश्किल हैं।’

हंट में स्थित कैंप मिस्टिक नाम का एक प्राइवेट क्रिश्चियन गर्ल्स समर कैंप इस बाढ़ की चपेट में आ गया। लेफ्टिनेंट गवर्नर डैन पैट्रिक ने बताया कि कैंप की 23 लड़कियां अभी लापता हैं। उन्होंने टेक्सास की जनता से बच्चियों की सलामती के लिए दुआ की अपील की है। कैंप मिस्टिक ने माता-पिता को ईमेल भेजकर कहा कि जिन बच्चों का पता चल गया है, उनके परिवारों को सूचित किया जा चुका है। हालांकि, कैंप में बिजली, वाई-फाई और पानी की सप्लाई ठप है, और वहां तक जाने वाली सड़क भी बह गई है। दूसरे दो कैंप, कैंप वाल्डेमर और कैंप ला जुन्ता, ने इंस्टाग्राम पर बताया कि उनके सभी बच्चे और स्टाफ सुरक्षित हैं।

सोशल मीडिया पर परिवारों की बेचैनी साफ दिख रही है। लोग अपने बच्चों, भतीजों-भतीजियों और रिश्तेदारों की खोज-खबर मांग रहे हैं। एक महिला ने फेसबुक पर लिखा कि उनकी बेटी, जो अपने पति और दो बच्चों के साथ हंट में एक केबिन में थी, से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा। कर्विल काउंटी शेरिफ ऑफिस के फेसबुक पेज पर लोग तस्वीरें शेयर कर अपने प्रियजनों की सलामती की दुआ मांग रहे हैं। कर्विल और हंट से बहकर नीचे की ओर जा रहे पानी से केंडल काउंटी में भी खतरा बढ़ गया है। कंफर्ट में शेरिफ ऑफिस ने बाढ़ की चेतावनी दी और निचले इलाकों में रहने वालों को तुरंत निकलने को कहा।

इंग्राम के पास बंबल बी हिल्स में रहने वाली एरिन बर्गेस ने बताया कि शुक्रवार सुबह 3:30 बजे जब बारिश शुरू हुई, तो सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन 20 मिनट बाद ही उनके घर में पानी घुसने लगा। उनके 19 साल के बेटे एरिन, उनके बॉयफ्रेंड और कुत्ते ने किसी तरह एक पेड़ का सहारा लिया। वह बोलीं, ‘मेरा बेटा 6 फीट से ज्यादा लंबा है, उसी की वजह से मैं बच पाई।’ कुछ देर बाद उनके बॉयफ्रेंड और कुत्ते को भी ढूंढ लिया गया।

काउंटी जज रॉब केली ने माना कि बाढ़ की चेतावनी के बावजूद कोई पुख्ता अलर्ट सिस्टम नहीं था। उन्होंने कहा, ‘हमें नहीं पता था कि इतनी बड़ी बाढ़ आने वाली है। यह नदी घाटी अमेरिका की सबसे खतरनाक नदी घाटियों में से एक है।’ टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित इलाकों में संसाधन भेज रही है। कर्विल, इंग्राम और हंट जैसे इलाकों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं। टेक्सास के अलावा, न्यू जर्सी में भी तूफान ने कहर बरपाया है। वहां पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। प्लेनफील्ड शहर में 79 और 25 साल के दो पुरुषों की गाड़ी पर पेड़ गिरने से जान चली गई।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.