17 नवंबर को शेख हसीना पर फैसला, बांग्लादेश में तनाव चरम पर; राजधानी ढाका में हाई अलर्ट और सन्नाटा
ढाका (आरएनआई)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ मानवता के खिलाफ अपराध के मामले में फैसला 17 नवंबर को सुनाया जाएगा। इस फैसले से पहले ही देश में तनाव और भय का माहौल बन गया है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) में चल रहे इस मामले में अभियोजन पक्ष ने शेख हसीना के लिए मौत की सजा की मांग की है।
इस मामले में शेख हसीना के साथ पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान और पूर्व पुलिस प्रमुख अब्दुल्ला अल मनुन भी आरोपी हैं। इन पर आरोप है कि उन्होंने बीते वर्ष हुए छात्र आंदोलन को कुचलने की साजिश रची थी। उसी आंदोलन के दबाव में हसीना को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था और बाद में वे भारत शरण लेने को मजबूर हुईं।
फैसले की तारीख नजदीक आने के साथ ही बांग्लादेश में तनावपूर्ण हालात बन गए हैं। गुरुवार को हसीना की पार्टी अवामी लीग ने देशव्यापी बंद का एलान किया, जिसके बाद राजधानी ढाका में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के कई हिस्सों में सेना, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और दंगा रोधी पुलिस बलों की भारी तैनाती की गई है।
ढाका की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है, बसों की आवाजाही सीमित कर दी गई है, और कई विश्वविद्यालयों ने ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था की है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मुंशीगंज, तंगैल और गोपालगंज में अज्ञात लोगों ने पांच खाली बसों में आग लगा दी, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि न्यायाधिकरण अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को ही फैसला सुनाएगा। वहीं, शेख हसीना ने इस पूरे मामले को “राजनीतिक साजिश” करार देते हुए कहा है कि, “मेरे खिलाफ यह मुकदमा सच छिपाने की कोशिश है। ट्रिब्यूनल निष्पक्ष नहीं है और सत्तारूढ़ वर्ग के दबाव में काम कर रहा है।”
बांग्लादेश सरकार ने नागरिकों से शांत रहने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है। विशेषज्ञों का मानना है कि फैसले के बाद देश में हिंसा की संभावना को देखते हुए हाई अलर्ट अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



