हिमाचल में भारी बारिश: सैंज के जीवानाला में बादल फटा, गांवों पर संकट; कई दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर

प्रदेश के कई भागों में झमाझम बारिश का दाैर जारी है। राज्य के 10 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 

Jun 25, 2025 - 16:26
 0  81
हिमाचल में भारी बारिश: सैंज के जीवानाला में बादल फटा, गांवों पर संकट; कई दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर

शिमला/न्यूली/सैंज (आरएनआई) हिमाचल प्रदेश के कई भागों में झमाझम बारिश का दाैर जारी है। कुल्लू जिले में बुधवार दोपहर बाद भारी बारिश से तबाही हुई है। सैंज के जीवानाला में बादल फटने से एनएचपीसी के शेड बह गए हैं। जबकि बिहाली गांव को खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही बंजार के होर्नगाड़ में भी भारी बारिश से नुकसान हुआ है। काथीकुकड़ी नाला और मणिकर्ण की ब्रह्म गंगा नाले में भी बाढ़ आई है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं बीती रात को पालमपुर में 145.4, जोगिंदरनगर 113.0, नाहन 94.0, बैजनाथ 85.0, पांवटा साहिब 58.4, गोहर 55.0, कांगड़ा 37.4, जोत 30.0, रायपुर मैदान 29.2, अंब 25.6 व  कसौली में 22.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उधर, भारी बारिश के चलते जालंधर-अटारी-मंडी एनएच पर धर्मपुर के पाड़च्छू में निर्माणाधीन पुल के लिए डंप की गई मिट्टी के कारण खड्ड का प्रवाह रुक गया। इससे खड्ड ने झील का आकार ले लिया है। इसमें गासिया माता मंदिर, सराय और श्मशानघाट जलमग्न हो गए। खड्ड का प्रवाह रुकने से कई गांवों को खतरा हो गया है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को पूरे हिमाचल प्रदेश को कवर कर लिया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने  राज्य में 1 जुलाई  तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 25 से 27 जून तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है 28 से 1 जुलाई 2025 तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।  25 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन व सिरमाैर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि कुल्लू व शिमला जिले के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है।  अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बाढ़ का खतरा होने की संभावना है। 

हिमाचल में मानसून सक्रिय होने के बीच बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की आशंका के मद्देनजर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने एडवाइजरी जारी की है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए हेल्पलाइन नंबर 112, व्हाट्सएप, ईमेल, पुलिस व चौकी के नंबर आमजनों से साझा करने के लिए कहा गया है। लोगों को पहाड़ों, नदी-नालों के पास न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट पर संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने को कहा है। बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में स्थानीय प्रशासन जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें। कुल्लू, बिलासपुर और ऊना में जल क्रीड़ा गतिविधियों को स्थगित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

कांगड़ा के थुरल इलाके में दो घंटे मूसलाधार बारिश से बाजार में जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी हुई। लोअर बाजार की दुकानें सड़क पर पानी भर जाने से बंद करनी पड़ीं। बाजार में पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर वाहनों के गुजरने से नालियों का गंदा पानी राहगीरों और दुकानों पर पड़ रहा है। थुरल बाजार की सड़क ने नाले का रूप धारण किया।

जनजातीय क्षेत्र लाहौल के उदयपुर उपमंडल के तहत में चौखंग-नैनगार मार्ग अवरद्ध हो गया है। मार्ग पर बीच आने वाले एक नाले का जलस्तर एकाएक बढ़ने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण यहां वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सड़क बहने से निगम की एक बस भी फंस गई है। लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त हुई सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा चंद्रानदी का जलस्तर बढ़ने से जसरथ गांव के पास झूला टूट गया है और गांव को जोड़ने वाली एक सिंचाई योजना भी ठप हो गई है

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.