हरपालपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में तीन पशु तस्कर गिरफ्तार
हरदोई (आरएनआई) जनपद में पशु चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हरपालपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान पशु चोरी व तस्करी में संलिप्त तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक भैंस, 80 हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त पिकअप डाला तथा अवैध तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2026 की रात लगभग एक बजे थाना सवायजपुर क्षेत्र से भैंस चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही जनपद के सभी थानों को अलर्ट कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी क्रम में थाना हरपालपुर पुलिस टीम ग्राम उड़ी के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान एक पिकअप डाला आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पीछा किए जाने पर पिकअप में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त की पहचान गुलशेर पुत्र टेनी, निवासी ग्राम धुमरी, थाना जैथरा, जनपद एटा के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया। गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों में गिरधारी पुत्र दुसौधी, निवासी ग्राम लंगड़ा सुन्दर, बंजारा थाना नारकी, जनपद फिरोजाबाद तथा भोला पुत्र कोमिल, निवासी ग्राम धुमरी, थाना जैथरा, जनपद एटा शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, 80 हजार रुपये नकद, एक चोरी का टाटा पिकअप डाला, दो तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस एवं दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दिन में पशुओं की रेकी करते थे और रात में अपने साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद पिकअप डाला 31 जनवरी 2026 को थाना लोनार क्षेत्र से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा पंजीकृत है। अभियुक्तों ने थाना हरपालपुर, कछौना, लोनार व सवायजपुर क्षेत्रों में पशु चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता भी स्वीकार की है।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 303(2) व 305(2) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना हरपालपुर पुलिस टीम के साथ एसओजी टीम की भी अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



