शामली में बड़ा एनकाउंटर: 50 हजार का इनामी बदमाश समयदीन मुठभेड़ में ढेर, पुलिस पर बरसाई थी गोलियां
शामली (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस ने सोमवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश समयदीन उर्फ सामा को मुठभेड़ में मार गिराया। थाना थानाभवन और बाबरी पुलिस की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली है। समयदीन के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि समयदीन मूल रूप से मोहल्ला रायजादगान, थाना कांधला का रहने वाला था, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कर्नाटक के तुमकुर जिले की जनता कॉलोनी में छिपकर रह रहा था। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। जिले में उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि समयदीन किसी बड़ी वारदात की फिराक में इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 9 एमएम की पिस्टल, .32 बोर की पिस्टल, एक तमंचा, कई खोखे और जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि समयदीन गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन मामलों में वांछित था। उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।
एसपी शामली ने पुलिस टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुठभेड़ कानून के दायरे और आत्मरक्षा में की गई। साथ ही कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शांति और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



