वर्तमान सरकार ने उत्तर प्रदेश को सभी क्षेत्रों में अग्रणी प्रगति प्रदान की है – नितिन अग्रवाल
हरदोई (आरएनआई) आज उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आबकारी एवं मद्य निषेध नितिन अग्रवाल ने सर्वप्रथम गांधी भवन प्रांगण में कृषि, उद्योग, उद्यान, शिक्षा, स्वास्थ्य, नेडा, बैंक, जल निगम, यातायात, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, एनआरएलएम, पशुपालन विभाग, डूडा, नेडा आदि विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा मुख्य विकास अधिकारी व अन्य अधिकारियों के साथ समस्त स्टालों का अवलोकन किया। मंत्री ने पाँच बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा उनकी माताओं को पोषण पोटली प्रदान की।
इसके उपरांत गांधी भवन हाल में आयोजित कार्यक्रम विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश दिवस का शुभारंभ मंत्री द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं सवायजपुर विधायक प्रतिनिधि के साथ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में जनपद को प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करने एवं लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने पर जिलाधिकारी अनुनय झा को बधाई दी।
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपनी स्थापना के 75 वर्षों में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और वर्तमान सरकार ने प्रदेश को सभी क्षेत्रों में अग्रणी प्रगति प्रदान की है तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने जनपद के युवाओं से अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करने और अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश स्थापना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जनपद में संचालित विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, आयुष्मान कार्ड योजना तथा विद्यालयों के कायाकल्प के अंतर्गत खेल मैदानों की स्थापना कराई गई है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी आदि के साथ जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, आशा, एएनएम, कृषि वैज्ञानिकों, प्रगतिशील किसानों, खिलाड़ियों, हस्तशिल्प कारीगरों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आरएफ हेतु डिमांड चेक, उद्योग केंद्र के लाभार्थियों को टूल किट प्रदान की गई तथा टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, टैबलेट एवं लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी, उप जिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, पीडी, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने लखनऊ से उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के सजीव प्रसारण में गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना तथा मुख्यमंत्री द्वारा जिलाधिकारी अनुनय झा को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए देखा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



