वनपाल भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक का मुख्य सरगना जबराराम जाट गिरफ्तार, एसओजी की बड़ी कार्रवाई

Dec 9, 2025 - 12:32
 0  135
वनपाल भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक का मुख्य सरगना जबराराम जाट गिरफ्तार, एसओजी की बड़ी कार्रवाई

जयपुर (आरएनआई) राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने वनपाल भर्ती परीक्षा-2022 में हुए बड़े पैमाने के पेपर लीक प्रकरण में मुख्य आरोपी जबराराम जाट को गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और एसओजी ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी को गुजरात से पकड़ा गया है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एसओजी विशाल बंसल के अनुसार, जबराराम ने परीक्षा का प्रश्नपत्र सीधे प्रिंटिंग प्रेस से करीब 25 लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद उसने इसे अलग-अलग गिरोहों और अभ्यर्थियों तक पहुँचाकर लगभग 1.5 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की। उसकी इस पूरी साजिश का खुलासा तब हुआ जब बांसवाड़ा जिले में डमी अभ्यर्थियों और नकल के संगठित मामलों की शिकायतें सामने आईं।

एसओजी की जांच में पता चला कि जबराराम के सहयोगी हीरालाल और कंवराराम ने क्रमशः बांसवाड़ा और उदयपुर में प्रश्नपत्र को परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों तक पहुँचाया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि पेपर उन्हें जबराराम ने ही उपलब्ध कराया था। इसके बाद उसकी भूमिका मुख्य सरगना के रूप में सामने आने पर वह फरार हो गया था।

डीआईजी एसओजी परिस देशमुख के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने निरंतर तलाश के बाद गुजरात पुलिस की मदद से उसे दबोच लिया। जानकारी के मुताबिक, जबराराम वर्ष 2019 में बाड़मेर जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डांगरिया में शिक्षक के पद पर कार्यरत था, लेकिन अन्य पेपर लीक मामलों में संलिप्तता के चलते उसकी सेवाएँ पहले ही समाप्त कर दी गई थीं।

एसओजी अब उससे पूछताछ कर रही है, ताकि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, पूरे तंत्र और वित्तीय लेनदेन की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से राज्य में संगठित नकल माफिया के खिलाफ अभियान को और मजबूती मिलेगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.