राष्ट्रीय बालिका दिवस पर ‘एक पहल एक किरण सेवा समिति’ ने बांटी नि:शुल्क शैक्षिक सामग्री
कछौना, हरदोई (आरएनआई) राष्ट्रीय बालिका दिवस के पावन अवसर पर कंपोजिट विद्यालय पैराकला में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘एक पहल एक किरण सेवा समिति’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बालिकाओं को नि:शुल्क शैक्षिक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समिति द्वारा दिए गए इस संदेश में बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और समाज में उनकी समान भागीदारी पर जोर दिया गया। शैक्षिक सामग्री पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे और उनमें जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विद्यालय स्टाफ के अनुसार, इस प्रकार के आयोजनों से न केवल बालिकाओं की राह आसान होती है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी अभूतपूर्व वृद्धि होती है। इस पुनीत कार्य के दौरान समिति के संस्थापक/अध्यक्ष आशीष पटेल 'अंशुल', सक्रिय सदस्य शुभम शुक्ला, अभय चतुर्वेदी, शुभम भरद्वाज और विनोद कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति के इस प्रयास की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

