नेपाली कांग्रेस में घमासान, देउबा गुट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले तक चुनाव प्रक्रिया पर रोक की मांग की
काठमांडो (आरएनआई)। नेपाली कांग्रेस के भीतर जारी सियासी खींचतान अब न्यायिक और संवैधानिक स्तर पर पहुंच गई है। पार्टी अध्यक्ष शेरबहादुर देउबा गुट ने सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले तक चुनावी प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। देउबा पक्ष ने निर्वाचन आयोग से प्रतिनिधि सभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया सहित पूरी चुनावी कार्यतालिका को स्थगित करने का आग्रह किया है।
नेपाली कांग्रेस की आधिकारिकता को लेकर जारी विवाद के बीच देउबा गुट ने रविवार को निर्वाचन आयोग के एक फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की। इसके तुरंत बाद आयोग के समक्ष एक अलग आवेदन भी सौंपा गया, जिसमें सुप्रीम कोर्ट से अंतिम निर्णय आने तक चुनावी गतिविधियों को रोकने का अनुरोध किया गया है।
पार्टी कार्यालय के मुख्य सचिव कृष्ण प्रसाद पौडेल, पूर्व महान्यायाधिवक्ता खम्बाबहादुर खाती और अधिवक्ता केशवराज जोशी ने निर्वाचन आयोग में यह आवेदन दर्ज कराया। आवेदन में कहा गया है कि जब पार्टी की वैधता और आधिकारिक नेतृत्व का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, तब नामांकन और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा।
इस बीच, नेपाल में 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। काठमांडो में चुनाव आयोग की बैठक के बाद रविवार देर रात से आचार संहिता प्रभावी हो गई। अधिकारियों के अनुसार, स्वतंत्र, निष्पक्ष और तटस्थ मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष छात्रों के आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने 9 सितंबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद देश में राजनीतिक अस्थिरता और चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नेपाली कांग्रेस के भीतर जारी यह विवाद चुनावी प्रक्रिया को और जटिल बना सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



