झालावाड़ में मासूमों की मौत से मातम, एक ही अर्थी पर सगे भाई-बहन का अंतिम संस्कार
झालावाड़ के पिपलोदी गांव में शुक्रवार सुबह हुए हादसे में 7 मासूम बच्चों की जान चली गई, कई गंभीर रूप से घायल हैं। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। आज सुबह गांव में मृतक बच्चों की अर्थियां एक साथ निकलीं तो लोगों का कलेजा मुंह को आ गया।
जयपुर (आरएनआई) झालावाड़ के पिपलोदी में शुक्रवार को स्कूल की छत ढहने से जान गंवाने वाले मासूमों के शव आज सुबह एक साथ उठे तो पूरे गांव का कलेजा मुंह को आ गया। सभी की आंखों में आंसू और सवाल थे,जिन बच्चों को बड़ा होकर अपने मां-पिता का सहारा बनना था वे आज अपने परिजनों के कंधों पर जा रहे थे।
हादसे के बाद पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। सरकारी सिस्टम की लापरवाही के चलते शुक्रवार को सरकारी स्कूल की जर्जर बिल्डिंग गिरने से 7 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा बच्चों का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। गांव में आज शवों का अंतिम संस्कार एक साथ किया जा रहा है। परिजन अपने बच्चों को अंतिम विदाई देने के लिए इकट्ठा हुए हैं। गांव की गलियों में चीखें सुनाई पड़ रही हैं। अंतिम यात्रा में ग्रामीणों के साथ पुलिस के जवान भी शामिल हुए हैं। वहीं सगे भाई-बहन कान्हा और मीना को एक ही अर्थी पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
जिला कलेक्टर ने निर्देश जारी करते हुए आज मनोहरथाना ब्लॉक के सभी सरकारी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। गौरतलब है कि कल स्कूल के सभी पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



