कोहरे का कहर: हरियाणा में कई सड़क हादसे, झज्जर में बस चालक गंभीर, स्कूल बस में सवार बच्चे सुरक्षित
हरियाणा (आरएनआई) सर्दी के मौसम की पहली घनी धुंध ने हरियाणा के कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। रविवार सुबह झज्जर सहित आसपास के इलाकों में सीजन का पहला घना कोहरा छाने से नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई। कई स्थानों पर दृश्यता 20 मीटर तक सिमट गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह लगभग शून्य के करीब रही, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई और एक के बाद एक सड़क हादसे सामने आए।
चरखी-दादरी में रविवार सुबह कालियावास मोड़ के पास घने कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक स्कूल बस भी शामिल थी, जिसमें बच्चे सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें केवल मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
वहीं हिसार में भी सर्दी की पहली घनी धुंध ने कहर बरपाया। नेशनल हाईवे-52 पर धिकताना मोड़ के पास कम दृश्यता के चलते कई वाहन एक के बाद एक टकरा गए, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रोहतक और सांपला क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जबकि शाम पांच बजे के बाद फिर से धुंध लौट आई। वाहन चालकों ने बताया कि कम दृश्यता के कारण सड़क पर सफर करना बेहद मुश्किल हो गया था। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री और न्यूनतम 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम गेहूं की फसल के लिए अनुकूल बताया जा रहा है, हालांकि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सोनीपत जिले में लगातार दूसरे दिन घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दृश्यता पांच मीटर तक सिमटने से नेशनल हाईवे-44, कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। कई चालकों ने सुरक्षा को देखते हुए अपने वाहन सड़क किनारे रोक दिए। डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
झज्जर के कुलाना चौक के पास घने कोहरे के कारण दो बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। एक निजी सवारी बस रेवाड़ी से झज्जर की ओर जा रही थी, जो आगे चल रही एक कंपनी की बस से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि निजी बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक का पैर बस के अगले हिस्से में फंसकर बुरी तरह कुचल गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में हादसों का मुख्य कारण घनी धुंध के चलते बेहद कम दृश्यता बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन चालकों से अपील की गई है कि कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं और सावधानी बरतें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



