अवसानेश्वर मंदिर के गर्भगृह में चोरी, 8 किलो चांदी समेत 25 लाख का सामान पार
बाराबंकी (आरएनआई) जिले के हैदरगढ़ स्थित प्राचीन श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए गर्भगृह तक पहुंचकर कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।
बताया गया कि चोर मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और सीधे गर्भगृह तक पहुंच गए। वहां से चांदी का छत्र, करीब 8 किलो चांदी के आभूषण व अन्य पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान एक संदिग्ध ने मंकी मास्क पहन रखा था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। हैदरगढ़ कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
चिंता की बात यह है कि जिले में मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ती दिखाई दे रही हैं। बुधवार सुबह ही बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ स्थित एक अन्य मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी होने की सूचना मिली। पिछले एक महीने के भीतर कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



