अगले दो दिन शुष्क रहेगा मौसम, हिमालयी इलाकों में बदलेगा मिजाज; यातायात सेवाओं पर पड़ सकता है असर
नई दिल्ली (आरएनआई) देशभर में अगले दो दिन तक मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा, लेकिन इसके बाद पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान में बताया गया है कि फिलहाल उत्तर भारत सहित देश के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम बना रहेगा। हालांकि आठ फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव बढ़ने लगेंगे। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और नौ से 11 फरवरी के बीच कई स्थानों पर वर्षा और हिमपात की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगह हल्की तो कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस बदलाव से पहाड़ों में ठंड और बढ़ेगी, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। फिलहाल उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऊपरी वायुमंडल में हवाओं और बादलों की गतिविधि पहले से ही बनी हुई है।
हिमाचल प्रदेश में आठ फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो सकता है। मौसम विभाग ने फिसलन और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की चेतावनी देते हुए यात्रियों और वाहन चालकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम में इस बदलाव का असर हवाई, रेल और सड़क यातायात पर भी पड़ सकता है। उड़ानों में देरी, ट्रेनों की गति धीमी होने और पहाड़ी सड़कों पर जाम की स्थिति बनने की आशंका है। पहाड़ों की ओर यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है। बर्फबारी और कोहरे के कारण कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी संभावना जताई गई है।
तापमान की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत में तापमान लगभग स्थिर रहेगा, जबकि पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की गिरावट संभव है। दक्षिण भारत के कोमोरिन क्षेत्र में ऊपरी हवा में चक्रवाती प्रसार जरूर बना हुआ है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े खतरे के संकेत नहीं हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



