अखिलेश यादव का चुनाव आयोग पर तीखा हमला, बोले—अल्पसंख्यक वोट काटने का दबाव, भाजपा का झंडा लगा ले आयोग
लखनऊ (आरएनआई)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर अल्पसंख्यकों के वोट काटने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली की साजिश है, जिसे भाजपा फॉर्म-7 के जरिए अंजाम देना चाहती है।
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए वर्ग, विशेषकर अल्पसंख्यकों के वोट जानबूझकर कटवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि शासन में तैनात एक आईएएस अधिकारी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को फोन कर सपा समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने का दबाव बना रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि इस संबंध में समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की और कहा कि यदि आयोग इस तरह की धांधली को रोकने में असमर्थ है और दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर सकता, तो उसे अपनी इमारत पर भाजपा का झंडा लगा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद निष्पक्ष चुनाव हैं और मतदाता सूची से छेड़छाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



