महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर देशभर में श्रद्धांजलि, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने किया नमन
नई दिल्ली (आरएनआई) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गांधी जी को नमन करते हुए लिखा कि बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया और यही वह शक्ति है, जो बिना हथियार के भी दुनिया को बदल सकती है। उन्होंने अहिंसा को सर्वोच्च धर्म और सत्य का मार्ग बताते हुए कहा कि गांधी जी के विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी बापू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने लिखा कि इस विचार को कभी साम्राज्यवाद, कभी नफरत की राजनीति और कभी अहंकारी सत्ता ने मिटाने की कोशिश की, लेकिन गांधी जी का संदेश आज भी जीवित है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा और साहस की ताकत सत्ता और भय से कहीं बड़ी है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी गांधी जी को याद करते हुए उनके प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ की पंक्तियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि दूसरों के दुख को समझना, बिना अहंकार के सेवा करना और प्रेम व करुणा का मार्ग अपनाना ही बापू की सच्ची सीख है। खरगे ने यह भी कहा कि नफरत का जवाब केवल गांधी जी के बताए सत्य और अहिंसा के रास्ते से ही दिया जा सकता है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बापू ने भाषा, क्षेत्र और जाति में बंटे देश को एकजुट कर आजादी के आंदोलन को जनआंदोलन बनाया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी, स्वाधीनता और स्वच्छता के उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शक हैं।
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर विभिन्न स्थानों पर प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, जहां लोगों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



