दिल्ली में 'जानलेवा' स्मॉग का कहर जारी, एक्यूआई 400 के करीब पहुंचा
नई दिल्ली (आरएनआई) राजधानी दिल्ली एक बार फिर जहरीली धुंध की मोटी परत में ढक गई है। शहर के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'बेहद खराब' से लेकर 'गंभीर' श्रेणी तक पहुंच गया है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। सुबह और शाम के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है, वहीं सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायतें बढ़ गई हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, आईटीओ, गाजीपुर, आनंद विहार और धौला कुआं जैसे प्रमुख इलाकों में AQI लगातार 345 से 372 के बीच दर्ज किया गया। शहर के ऊपर फैले जहरीले स्मॉग की तस्वीरें स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं कि हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। बीते शुक्रवार सुबह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में धुंध और कोहरे की घनी चादर देखने को मिली, जिसने जनजीवन को प्रभावित किया। दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों को कम दृश्यता के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा और अधिकांश लोग मास्क लगाकर बाहर निकलते दिखाई दिए।
दिल्ली की हवा पिछले कई दिनों से लगातार बिगड़ती जा रही है। शुक्रवार को AQI 369 दर्ज किया गया, जो गुरुवार की तुलना में और भी खराब स्थिति को दर्शाता है। पर्यावरण विशेषज्ञों और स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसे गंभीर चेतावनी के रूप में लिया है, क्योंकि इस स्तर की हवा विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और दमा तथा हृदय रोगियों के लिए बेहद घातक मानी जाती है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के अन्य शहरों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक पाया गया। नोएडा में AQI 388 दर्ज किया गया, जो क्षेत्र में सबसे खराब रहा। ग्रेटर नोएडा में 378, गाजियाबाद में 347 और गुरुग्राम में 320 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। फरीदाबाद की हवा अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रही, जहाँ AQI 190 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हल्की हवाओं की वजह से प्रदूषण का स्तर और अधिक नीचे नहीं आ पा रहा है। दोपहर तीन बजे तक हवा में पीएम10 का स्तर 335.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम2.5 का स्तर 192.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माने जाते हैं।
दिल्ली के अन्य इलाकों में भी वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। द्वारका सेक्टर 8 में AQI 419, रोहिणी और शादीपुर में 415, जहांगीरपुरी में 414, नेहरू नगर में 413, मुंडका में 412, पंजाबी बाग में 403, अशोक विहार में 400, बवाना में 396, वजीरपुर में 392 और चांदनी चौक में 391 एक्यूआई दर्ज किया गया।
सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि सोमवार तक हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में ही बनी रहेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में सांस संबंधित बीमारियों से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने, मास्क पहनने और अपने घरों में एयर-प्यूरीफायर का उपयोग करने की सलाह दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



