त्रिवेणी संगम पर आस्था का सैलाब, वसंत पंचमी स्नान पर अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Jan 23, 2026 - 11:58
 0  540
त्रिवेणी संगम पर आस्था का सैलाब, वसंत पंचमी स्नान पर अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

प्रयागराज (आरएनआई)। माघ मेला 2026 के चौथे प्रमुख स्नान पर्व वसंत पंचमी पर प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। शुक्रवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को मात देते हुए लाखों श्रद्धालु संगम तट पर पहुंचने लगे। सुबह के समय तक संगम क्षेत्र हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा।

प्रशासन के अनुसार वसंत पंचमी के पावन अवसर पर सुबह 10 बजे तक करीब एक करोड़ 40 लाख श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। इससे पहले सुबह 8 बजे तक ही एक करोड़ चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की पुष्टि की गई थी। दिन चढ़ने के साथ यह संख्या लगातार बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

मेला प्रशासन का अनुमान है कि आज वसंत पंचमी के दिन एक से दो करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान करेंगे, जबकि वसंत पंचमी से 26 जनवरी तक के चार दिनों में लगभग साढ़े तीन करोड़ श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना है। स्नान पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का वीआईपी प्रोटोकॉल लागू नहीं किया गया है, जिससे सभी श्रद्धालु समान रूप से स्नान कर सकें।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में पुलिस, पीएसी, आरएएफ, बीडीएस, यूपी एटीएस के कमांडो और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की गई है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है और सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। संगम और अन्य स्नान घाटों पर जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फ्लड कंपनी पीएसी और प्रशिक्षित गोताखोरों को तैनात किया गया है।

मेला प्रशासन ने वसंत पंचमी स्नान को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मेला क्षेत्र में साढ़े तीन किलोमीटर लंबे स्नान घाट तैयार किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्नान की सुविधा मिल सके। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सभी विभाग अलर्ट मोड पर हैं।

उधर, उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भी वसंत पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने सरयू घाट पर पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की। वसंत पंचमी के साथ ही प्रदेशभर में धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.