कांग्रेस का चुनाव आयोग को पत्र, फार्म-7 के दुरुपयोग का आरोप; मताधिकार खतरे में होने की चेतावनी

Jan 30, 2026 - 12:36
 0  324
कांग्रेस का चुनाव आयोग को पत्र, फार्म-7 के दुरुपयोग का आरोप; मताधिकार खतरे में होने की चेतावनी

नई दिल्ली (आरएनआई) कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान फार्म-7 का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि इस फॉर्म का इस्तेमाल सुनियोजित तरीके से योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों को भेजे पत्र में इस मुद्दे पर विस्तृत आपत्ति दर्ज कराई है। पत्र में कहा गया है कि फार्म-7 का उपयोग केवल मृत्यु, स्थानांतरण या नामों के दोहराव जैसी ठोस और सत्यापित वजहों के आधार पर आपत्तियां दर्ज करने के लिए होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में इसका इस्तेमाल लक्षित ढंग से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए किया जा रहा है।

कांग्रेस के अनुसार राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और केरल सहित कई राज्यों में एक जैसा पैटर्न सामने आया है। आरोप है कि पहले से छपे हुए फार्म-7 भरकर चुनिंदा मतदाता समूहों के खिलाफ बड़ी संख्या में एक साथ आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। इसके बाद इन्हें अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में संगठित रूप से जमा कराया जा रहा है।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई तो बड़ी संख्या में नागरिकों का मताधिकार प्रभावित हो सकता है। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रक्रिया विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और वरिष्ठ नागरिकों जैसे संवेदनशील वर्गों को प्रभावित कर सकती है। पार्टी ने चुनाव आयोग से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि मतदाता सूची की शुचिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.