अधिवक्ताओ पर हमले से भड़का हरदोई अधिवक्ता संघ, न्यायिक कार्य ठप, गिरफ्तारी नहीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
हरदोई (आरएनआई) रंजना होटल में अधिवक्ताओं के साथ हुई बर्बर मारपीट की घटना से जनपद के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का पूर्ण बहिष्कार करते हुए अदालतों में कामकाज ठप कर दिया। पुलिस द्वारा होटल मालिक व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ता समाज में रोष और गहरा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात रंजना होटल में मामूली कहासुनी के बाद होटल मालिक व कर्मचारियों ने तीन अधिवक्ताओं पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता दीपक पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें तत्काल हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां कराए गए सीटी स्कैन में गंभीर अंदरूनी चोटों की पुष्टि हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अधिवक्ता संघ में आक्रोश फैल गया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसे कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला करार देते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अधिवक्ताओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो जनपद में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
फिलहाल हालात की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यह घटना न केवल अधिवक्ताओं की सुरक्षा, बल्कि शहर की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



