UGC कानून के विरोध में हरदोई में जबरदस्त प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पर अधिवक्ता संघ व सामाजिक संगठनों का घेराव

Jan 29, 2026 - 14:00
Jan 29, 2026 - 14:00
 0  459
UGC कानून के विरोध में हरदोई में जबरदस्त प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पर अधिवक्ता संघ व सामाजिक संगठनों का घेराव

हरदोई (आरएनआई) यूजीसी के नए नियमों को लेकर विरोध लगातार तेज़ होता जा रहा है। बुधवार को हरदोई में अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक सामाजिक संगठनों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की।

अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जेपी त्रिवेदी के नेतृत्व में ब्राह्मण महासभा, क्षत्रिय महासभा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, पूर्व सैनिक एसोसिएशन, मानवाधिकार एसोसिएशन, क्षत्रिय करणी सेना और ब्राह्मण परशुराम संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पहुंचे और यूजीसी के नए नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यूजीसी के नए नियम शिक्षा सुधार नहीं बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर सीधा हमला हैं। उनका आरोप है कि नियमों की भाषा अस्पष्ट और भ्रमित करने वाली है, जिससे इनके दुरुपयोग की पूरी संभावना है। वक्ताओं ने कहा कि इन नियमों से छात्रों और शिक्षकों के मौलिक अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने यूजीसी के नए नियमों को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज ज्ञापन दिया गया है, कल आंदोलन और उससे आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।

प्रदर्शन के बाद संगठनों के प्रतिनिधियों ने भारत के राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसमें यूजीसी के नए नियमों को निरस्त करने और शिक्षा व्यवस्था के साथ हो रहे कथित अन्याय को तत्काल रोकने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)