हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन और बाढ़ से 537 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी बारिश ने फिर तबाही मचाई है। मानपुरा के मानकपुर में ढेला पंचायत व दवनी औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाला पुल सुबह तेज बारिश के दौरान ध्वस्त हो गया। निरमंड उपमंडल के उर्टू में भारी बारिश से नाले का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन से पांच गाड़ियां दबने की सूचना है।
शिमला (आरएनआई) हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भूस्खलन, बाढ़ से कई क्षेत्रों में तबाही हुई है। सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र मानपुरा के मानकपुर में ढेला पंचायत व दवनी औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाला पुल सुबह तेज बारिश के दौरान ध्वस्त हो गया। इस मार्ग के बंद होने से मानपुरा से दवनी व वर्धमान क्षेत्र की ओर उद्यमियों व कामगारों को अब वाया बद्दी व चनालमाजरा होकर जाना पड़ रहा है। जगह-जगह भूस्खलन से राज्य में बुधवार शाम तक चार नेशनल हाईवे सहित 537 सड़कें बंद रहीं। 635 बिजली ट्रांसफार्मर व 266 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं।
भारी बारिश के चलते राज्य के कई उप मंडलों में आज शिक्षण संस्थान आज बंद रखने का फैसला लिया गया है। शिमला शहर के कई निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। इसके साथ ही ठियोग, चौपाल, कुमारसैन डिवीजन में आज शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं। सिरमाैर जिले में भी आज शिक्षण संस्थान बंद रहे। आनी और निरमंड उपमंडलों के शिक्षण संस्थानों में आज अवकाश घोषित कर दिया है। इन क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन और सड़क बंद होने की आशंका बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करें।
निरमंड खंड की रहाणू पंचायत के उर्टू गांव से होकर बहने वाले नौणी नाले में बादल फटने से आई बाढ़ की चपेट में आने से पांच घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई अन्य घरों और गाड़ियों को भी क्षति पहुंची। तीन गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कई लोग बेघर हो गए हैं। सेब के बगीचों से फलदार पौधे भी भूस्खलन की भेंट चढ़ गए। उर्टू बस स्टैंड और कुटली में बाढ़ का पानी और मलबा कई घरों, दुकानों, गोशालाओं में जा घुसा। उर्टू बाजार में 6 दुकान और पार्क किए 6 वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए। तीन मकानों को खाली करवाया गया है।
कालका-शिमला नेशनल हाईवे चक्कीमोड़ के समीप भूस्खलन से बाधित हो गया। पहाड़ी से बारिश के पानी के साथ अधिक मात्रा में मलबा आ गया। इससे सड़क दलदल में तबदील हो गई है। वहीं पहाड़ी से लगातार पत्थर आने का सिलसिला भी जारी है। इससे वाहनों की लंबी कतारें एनएच पर लग गईं। मौके पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। वहीं जिले भर में दर्जन सड़कें बंद पड़ी है। सोलन जिले में स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों को आज बंद कर दिया है। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आदेश जारी कर दिए हैं। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने खड्ड व नालों से दूर रहने का आग्रह किया है। रात भर से बारिश के लगातार जारी क्रम से नालों व खड्ड उफान पर आ गए है।
शिमला शहर में भी भारी बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। कई जगह पेड़ भी गिरे है। लिफ्ट एचएचएच होटल से आगे पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई। संजाैली और छोटा शिमला के पास सुबह बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां अचानक पेड़ गिर गया जिससे आवाजाही कर रही गाड़ियां बाल-बाल बचीं। बंगारा-कलहट्टी सड़क पर भी पेड़ गिर गया। इससे बरात की बस के साथ अन्य गाड़ियां भी फंस गईं।
बीती रात को कसौली में 145.0, धर्मपुर 122.8, गोहर 120.0, मालरांव 103.2, बग्गी 95.9, नगरोटा सूरियां 93.4, श्री नयना देवी 86.4, सुंदरनगर 80.3, कांगड़ा 71.4 व बिलासपुर में 70.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश में 12 अगस्त तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दाैरान कुछ भागों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 9 से 12 अगस्त तक अधिकांश स्थानों पर और 6 से 8 अगस्त तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



