सिरमौर अग्निकांड: माघी पर्व पर मायके आई दो बेटियां तीन बच्चों सहित जिंदा जलीं, एक दामाद की भी मौत
नौहराधार (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के नौहराधार क्षेत्र की घंडूरी पंचायत के तलांगना गांव में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों समेत छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक दामाद गंभीर रूप से घायल है।
माघी पर्व मनाने के लिए अपने मायके आईं इंद्रा देवी की दो बेटियों को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि यह त्योहार उनके जीवन का आखिरी होगा। आग की चपेट में आकर दोनों बेटियां, उनके तीन बच्चे और एक दामाद की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा बुधवार रात करीब तीन बजे हुआ, जब परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान रसोईघर में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना में विजय सिंह, भीम सिंह और मीन सिंह के मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि इंद्रा देवी का घर भी आग की चपेट में आ गया। इसी घर में यह परिवार ठहरा हुआ था। साथ ही पशुशाला में भी आग लगने से दो गाय और एक बछड़ा भी जिंदा जल गए।
घटना में घायल लोकेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी कविता और बच्चों के साथ माघी पर्व मनाने ससुराल आया था। उसके साथ उसकी साली और उसका पति भी मौजूद थे। अचानक धुएं से उसकी नींद खुली और कुछ ही पलों में पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया।
इस हादसे में जिनकी जान गई, उनमें नरेश कुमार (50) निवासी टपरोली, उनकी पत्नी तृप्ता (44), लोकेंद्र की पत्नी कविता (36) और उनके तीन बच्चे कृतिका (13), सारिका (13) और कार्तिक (3) शामिल हैं। घायल लोकेंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है और माघी पर्व की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



