सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: उमराह यात्रियों से भरी बस टैंकर से टकराई, 40 से अधिक भारतीयों की मौत की आशंका

Monday, November 17, 2025 - 11:13
0
सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: उमराह यात्रियों से भरी बस टैंकर से टकराई, 40 से अधिक भारतीयों की मौत की आशंका

सऊदी अरब (आरएनआई)। मक्का से मदीना जा रहे उमराह यात्रियों की बस देर रात एक तेल के टैंकर से टकरा गई, जिससे 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत होने की आशंका है। यह दर्दनाक हादसा स्थानीय समयानुसार रात करीब 1.30 बजे मुहरास या मुफरिआत इलाके में हुआ, जो मदीना से करीब 160 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई और यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में मरने वालों में बड़ी संख्या तेलंगाना, विशेष रूप से हैदराबाद के यात्रियों की हो सकती है। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। कई शवों की पहचान भी मुश्किल हो रही है क्योंकि आग ने बस को पूरी तरह चपेट में ले लिया था। सऊदी मीडिया के अनुसार, कम से कम 42 लोगों की मौत की पुष्टि विभिन्न स्रोतों से हुई है, जबकि कई घायल अस्पतालों में भर्ती हैं।

हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है और कहा है कि उन्होंने शहर की दो प्रमुख ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क कर यह जानने की कोशिश की है कि उमराह के लिए गए स्थानीय लोगों में से कितने यात्री इस बस में सवार थे। उन्होंने रियाद स्थित भारतीय दूतावास से भी जानकारी मांगी है। ओवैसी ने बताया कि उन्होंने रियाद में भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबु मैथ्यू जॉर्ज से बात की है, जिन्होंने आश्वासन दिया है कि वे लगातार संबंधित अधिकारियों से जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द ही अपडेट साझा करेंगे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी को तुरंत सऊदी अरब से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी इकट्ठा करने और यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि कितने पीड़ित तेलंगाना के निवासी थे। राज्य सरकार ने सचिवालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी आदेश दिए हैं ताकि परिजनों को लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

इधर, जेद्दाह स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भी 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया है और आपातकालीन संपर्क के लिए टोल-फ्री नंबर 8002440003 जारी किया है। दूतावास ने कहा है कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मृतकों और घायलों की पहचान, सहायता और आवश्यक औपचारिकताओं में सहयोग कर रहे हैं।

भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि रियाद और जेद्दाह स्थित भारतीय मिशन पीड़ितों और उनके परिवारों की हर संभव मदद कर रहे हैं। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

यह हादसा हाल के वर्षों में सऊदी अरब में भारतीय उमराह यात्रियों से जुड़ा सबसे भयानक सड़क हादसा माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, जबकि भारत सरकार पीड़ित परिवारों को सभी आवश्यक सहायता देने की प्रक्रिया तेज कर चुकी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User