रणजी ट्रॉफी में गरजा पृथ्वी शॉ का बल्ला, 141 गेंदों में जड़ा दोहरा शतक — टूटा रिकॉर्ड
चंडीगढ़ (आरएनआई) — भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। चंडीगढ़ के खिलाफ खेले जा रहे एलीट ग्रुप बी मुकाबले में महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए शॉ ने महज 141 गेंदों पर दोहरा शतक ठोक दिया। यह रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप इतिहास का दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक है।
शॉ ने इसके साथ ही राहुल सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023-24 सीजन में 143 गेंदों पर दोहरा शतक लगाया था। अब इस सूची में शॉ से आगे सिर्फ रवि शास्त्री हैं, जिन्होंने 1984-85 सीजन में 123 गेंदों में दोहरा शतक जड़ा था।
222 रन की नाबाद पारी से महाराष्ट्र को बढ़त
महाराष्ट्र के लिए यह मुकाबला पृथ्वी का दूसरा मैच है, और उन्होंने इसमें दमदार पारी खेलते हुए 156 गेंदों में नाबाद 222 रन बनाए। उनकी इस पारी में 29 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। महाराष्ट्र ने दूसरी पारी तीन विकेट पर 359 रन बनाकर घोषित कर दी, जिससे चंडीगढ़ के सामने 464 रनों का लक्ष्य रखा गया। टीम के लिए सिद्धेश वीर ने 62, ऋतुराज गायकवाड़ ने 36 और अर्शीन कुलकर्णी ने 31 रन जोड़े।
शॉ ने मुंबई छोड़ी, महाराष्ट्र के लिए रचा इतिहास
मौजूदा सीजन से पहले शॉ ने मुंबई टीम छोड़कर महाराष्ट्र का रुख किया था। यह उनका महाराष्ट्र के लिए दूसरा ही मैच है। इससे पहले उन्होंने 72 गेंदों पर शतक लगाकर रणजी इतिहास का छठा सबसे तेज शतक बनाया था।
शास्त्री-तन्मय के क्लब में शामिल
यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा लगाया गया तीसरा सबसे तेज दोहरा शतक है। शॉ अब तन्मय अग्रवाल (119 गेंदें, अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ, 2024) और रवि शास्त्री (123 गेंदें, बड़ौदा के खिलाफ, 1985) के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद
लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे पृथ्वी शॉ के लिए यह प्रदर्शन वापसी का मजबूत संकेत माना जा रहा है। घरेलू क्रिकेट में उनकी यह शानदार पारी चयनकर्ताओं का ध्यान एक बार फिर उनकी ओर खींच सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



