बीएचयू में पुलिस कार्रवाई से बढ़ा तनाव, शोध छात्र हिरासत में; 150 छात्र मौन धरने पर बैठे
वाराणसी (आरएनआई) काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में मंगलवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब पुलिस और पीएसी के जवान एक छात्र की तलाश में हॉस्टल पहुंचे। इस कार्रवाई से नाराज़ छात्रों ने मौन धरना शुरू कर दिया। देर रात तक परिसर और लंका थाने के बाहर हलचल बनी रही।
जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पहले बिरला और रूइया हॉस्टल के छात्रों के बीच हुए विवाद और बवाल के मामले में रोशन मिश्रा समेत सात लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में मंगलवार शाम करीब पांच बजे 50 से अधिक पीएसी जवानों के साथ लंका पुलिस बिरला हॉस्टल पहुंची। वहां से एक शोध छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
छात्रों का आरोप है कि उनके साथी को बिना स्पष्ट कारण बताए उठाया गया, जिससे नाराज़ होकर करीब 150 छात्र सड़क पर उतर आए। बिरला–ब्रोचा चौराहे पर छात्रों ने मौन धरना शुरू कर दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने तख्तियां जरूर उठाईं, लेकिन किसी प्रकार की नारेबाजी नहीं की। उनका कहना था कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम भी बड़ी संख्या में हॉस्टल पहुंची थी और बिना समुचित जांच के कार्रवाई की गई।
मामले की जानकारी मिलते ही कई छात्र लंका थाने भी पहुंचे और देर रात तक वहीं डटे रहे। इसके साथ ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड के खिलाफ मौन विरोध भी जारी रहा। दूसरी ओर, लंका थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में हुए विवाद के सिलसिले में चिन्हित लोगों से पूछताछ की जा रही है और उसी क्रम में एक शोध छात्र को हिरासत में लिया गया है।
गौरतलब है कि 29 जनवरी को बिरला और रूइया हॉस्टल के छात्रों के बीच मारपीट और पथराव हुआ था, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए थे। घटना के बाद परिसर में तनाव बना रहा था। हालात को देखते हुए पीएसी और कमिश्नरेट पुलिस के कई थानों की फोर्स तैनात की गई थी। ड्रोन कैमरों से भी सघन निगरानी और तलाशी अभियान चलाया गया था।
मंगलवार की कार्रवाई के बाद से विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से डटे हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



