बीएचयू बवाल: 100 से ज्यादा वीडियो और 50+ सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, तीन छात्र घायल

Jan 31, 2026 - 12:04
 0  27
बीएचयू बवाल: 100 से ज्यादा वीडियो और 50+ सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, तीन छात्र घायल

वाराणसी (आरएनआई) काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में हुए बवाल के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। लंका थाने में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से एक आरोपी जिलाबदर बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की तह तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है। बीएचयू के प्रवेश और निकास द्वारों समेत प्रमुख चौराहों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा घटना के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए 100 से अधिक वीडियो भी जांच के दायरे में हैं, ताकि उपद्रवियों की सटीक पहचान की जा सके।

नामजद आरोपियों में बाबतपुर निवासी दर्शिल पांडेय शामिल है, जो पहले से जिलाबदर बताया जा रहा है। अन्य आरोपियों—रोशन मिश्रा, शशांक सिंह, विशाल और विश्वजीत यादव—के आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित थानों से जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही और नाम भी सामने आ सकते हैं।

घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हॉस्टलों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और गेट पर बाहरी नंबर की गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है। शुक्रवार को भी कैंपस में सख्ती का माहौल रहा और सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली।

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार दोपहर बीएचयू परिसर में बिरला और रूईया हॉस्टल के छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए। दोपहर से देर शाम तक परिसर में तनाव बना रहा। लंका पुलिस की मौजूदगी के बावजूद स्थिति बेकाबू हो गई और छात्रों ने जमकर हंगामा किया।

हालात को काबू में करने के लिए अंततः पीएसी और कमिश्नरेट पुलिस के 10 थानों की फोर्स को परिसर में प्रवेश करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। इस दौरान बीएचयू प्रॉक्टोरियल बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठे। चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया समेत अन्य अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे स्थिति नियंत्रित करने में सफल नहीं हो सके।

बीएचयू में इससे पहले भी वर्ष 2019 में एलबीएस और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच हिंसक झड़प हो चुकी है, जिसमें पेट्रोल बम फेंके जाने तक की घटनाएं सामने आई थीं। उस समय भी विश्वविद्यालय प्रशासन हालात संभालने में असफल रहा था और पुलिस बल को कैंपस में प्रवेश करना पड़ा था। ताजा घटना ने एक बार फिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.