तिरुपति मंदिर से 100 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी का आरोप, भाजपा ने YSRCP पर लगाए गंभीर आरोप
आंध्र प्रदेश (आरएनआई): आंध्र प्रदेश में तिरुपति मंदिर (TTD) से 100 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी का आरोप भाजपा नेता भानु प्रकाश रेड्डी ने YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के शासन पर लगाया है। भानु प्रकाश रेड्डी ने दावा किया कि यह चोरी 2019 से 2024 के बीच YSRCP के शासन के दौरान हुई।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि तिरुपति मंदिर के कर्मचारी रविकुमार ने दान पेटी से नकदी चुराई। इस चोरी को साबित करने के लिए भानु प्रकाश रेड्डी ने सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया। उन्होंने कहा कि चोरी गए पैसों में से करोड़ों रुपये रियल एस्टेट के व्यवसाय में निवेश किए गए और कथित तौर पर यह अवैध धन मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के आवास ताडेपल्ली पैलेस तक पहुंचाया गया।
भाजपा के सहयोगी पार्टी, तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के नेता नारा लोकेश ने इस चोरी का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। भानु प्रकाश रेड्डी ने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा दान पेटी में डाले गए पैसे को तब लूटा गया जब YSRCP का शासन था।
इस मामले में हाई कोर्ट ने सीआईडी को जांच सौंपी है और एक महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बोर्ड के फैसले और संबंधित दस्तावेजों को जब्त करने का आदेश भी जारी किया गया है।
भानु प्रकाश रेड्डी ने यह भी दावा किया कि मामला पहले लोक अदालत के माध्यम से निपटाया गया था और इसमें YSRCP के कई नेता और उच्च अधिकारी शामिल थे। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी तिरुपति मंदिर की संपत्ति लूटने की नीयत से काम कर रहा था और अधिकारियों एवं नेताओं ने चोरी की रकम का बंटवारा किया। उस समय भूमाना करुणाकर रेड्डी TTD के अध्यक्ष थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



