गोवा अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार अलर्ट: बड़े प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी की कड़ी जांच के आदेश
दिल्ली (आरएनआई)। गोवा के नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार ने राजधानी में सुरक्षा उपायों की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में फायर सर्विस विभाग के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राजधानी के होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, बार और बड़े आयोजनों में अग्नि सुरक्षा मानकों की कड़ी और नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फायर एनओसी का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि दिल्ली के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान, पारदर्शी और समयबद्ध की जाए ताकि किसी भी आवेदक को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
रेखा गुप्ता ने गोवा में 25 लोगों की जान जाने वाली त्रासदी का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली को हमेशा सतर्क रहना होगा। उन्होंने फायर उपकरणों में कमी या नियम उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया। बैठक में कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एमसीडी ने जारी किए आपात निर्देश, सभी लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों की जांच प्रारंभ
गोवा हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने भी राजधानी के पब-क्लब, होटल और रेस्टोरेंट की सुरक्षा तैयारियों की जांच तेज कर दी है। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने पांच दिनों के भीतर सभी प्रतिष्ठानों की जोनवार और वार्डवार विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट में फायर सेफ्टी व्यवस्था, संरचनात्मक सुरक्षा, वैध लाइसेंस, वास्तविक भीड़ क्षमता और अवैध प्रतिष्ठानों की जानकारी शामिल होगी। अनियमितता पाए जाने पर ऐसे प्रतिष्ठानों पर तुरंत सीलिंग, लाइसेंस रद्द, भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बैठक में सभी दलों के पार्षदों ने गोवा अग्निकांड में मृतक लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राजधानी में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने पर जोर दिया गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



