अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर कसा शिकंजा, दिल्ली–फरीदाबाद के 25 ठिकानों पर ED की छापेमारी
नई दिल्ली (आरएनआई)। दिल्ली कार धमाका मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और इसी कड़ी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार तड़के अल-फलाह विश्वविद्यालय और उससे जुड़े ट्रस्टियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली, फरीदाबाद और अन्य स्थानों पर कुल 25 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई सुबह पांच बजे से जारी है।
दिल्ली में हुए आतंकी हमले की जांच के दौरान कई सुराग हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय तक पहुंचे थे। इसके बाद ईडी की एक टीम ने आज सुबह विश्वविद्यालय के कार्यालय में दस्तक दी और परिसर में मौजूद दस्तावेज़ों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा अन्य महत्वपूर्ण सामग्रियों की विस्तृत तलाशी शुरू की।
इससे पहले सोमवार को दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल, जालसाजी और धोखाधड़ी संबंधी जांच के सिलसिले में विश्वविद्यालय के चेयरमैन जावेद अहमद सिद्दीकी को दो समन जारी किए थे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की शिकायत के आधार पर, अल-फलाह विश्वविद्यालय के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी के दो मुकदमे 14 नवंबर की रात दर्ज हुए थे।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि समन इसलिए जारी किए गए क्योंकि चेयरमैन का बयान विश्वविद्यालय के संचालन से जुड़े कई गंभीर विसंगतियों को स्पष्ट करने के लिए अहम माना जा रहा है। यूजीसी और राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) ने विश्वविद्यालय की मान्यता संबंधी दावों की समीक्षा के बाद कई अनियमितताओं को चिह्नित किया था और अपने निष्कर्ष कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिए थे।
अधिकारियों के अनुसार, दर्ज प्राथमिकी विश्वविद्यालय की ओर से मान्यता संबंधी कथित फर्जी दस्तावेज और दावों पर आधारित है। शाखा की इंटरस्टेट सेल की अलग-अलग टीमें इन मामलों की जांच कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चेयरमैन सिद्दीकी को भेजा गया समन व्यापक जांच प्रक्रिया का हिस्सा है, जो पिछले सप्ताह लाल किले के पास हुए धमाके से जुड़े संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि विस्फोट से जुड़े कुछ व्यक्तियों का विश्वविद्यालय से संबंध रहा है, जिसके चलते संस्थान के वित्तीय लेन-देन, प्रशासनिक अनुमति और रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई फिलहाल जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



