हरदोई मे 1792 बूथों पर शुरू हुआ पल्स पोलियो अभियान, घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
हरदोई,(आरएनआई)जनपद में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला महिला चिकित्सालय में स्थापित पोलियो बूथ पर नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र 'मधुर' ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद सचान, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जेएसआई (JSI) के प्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन जनपद में 1,792 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां सुबह से ही बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए सोमवार से घर-घर विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रत्येक घर तक पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र 'मधुर' ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी माता-पिता अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं और राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग ने भी जनपदवासियों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। विभाग का कहना है कि प्रत्येक अभियान में पोलियो की दवा पिलाना जरूरी है, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य निरंतर मजबूत होता रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



