पूर्वोत्तर में बारिश बनी आफत: असम में 300 मीटर लंबा पुल बहा, अरुणाचल में भूस्खलन से कई इलाकों का संपर्क टूटा
पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। असम और अरुणाचल प्रदेश में बाढ़, भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाओं से कई क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
असम के धेमाजी जिले में रविवार को केमी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से केमी और ओयान को जोड़ने वाला लगभग 300 मीटर लंबा लोहे का पुल तेज बहाव में बह गया। पुल टूटने से केमी-पुराना जेलोम क्षेत्र का जोनाई सदर से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश से भारी मात्रा में पानी आने के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और कुछ ही देर में पुल बह गया। बताया जा रहा है कि इस पुल का निर्माण करीब एक वर्ष पहले ही किया गया था।
पुल बहने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी पार स्थित स्कूल तक पहुंचने का यही मुख्य मार्ग था, जिससे परीक्षाओं के दौरान छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। वहीं खेती के मौसम में किसानों के लिए खेतों तक पहुंचना भी कठिन हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के समय उन्होंने लोहे के बजाय स्थायी कंक्रीट पुल बनाने की मांग की थी।
वहीं अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते पसीघाट-पांगिन मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-13 के कई हिस्सों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई हैं। रेंगिंग और येंबुंग के बीच कई स्थानों पर यातायात बाधित हो गया है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले में एक और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी घर जलमग्न होने और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और निकासी अभियान तेज कर दिया है।
प्रशासन सड़कों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है, लेकिन लगातार बारिश राहत कार्यों में बाधा बन रही है। राज्य सरकार ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



