जीजी की पंचायत के किचन में पूड़ियां बेलते दिखे सिंधिया, महिलाओं संग बिताए यादगार पल

Monday, June 29, 2026 - 20:12
Updated: 2 months ago
0
जीजी की पंचायत के किचन में पूड़ियां बेलते दिखे सिंधिया, महिलाओं संग बिताए यादगार पल

गुना (आरएनआई) केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का शनिवार को गुना दौरे के दौरान एक ऐसा मानवीय और सहज रूप देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। करीब 25 वर्षों के उनके राजनीतिक जीवन में पहली बार वे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ रसोई में पहुंचे और अपने हाथों से पूड़ियां बेलते नजर आए। हरीपुर पंचायत क्षेत्र में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित जीजी की पंचायत के किचन में सिंधिया ने महिलाओं के साथ बैठकर न केवल उनके कार्यों को करीब से देखा, बल्कि स्वयं पूड़ियां बनाकर उनका उत्साह भी बढ़ाया। उनका यह अलग अंदाज कार्यक्रम का सबसे चर्चित और आकर्षण का केंद्र बन गया।

ग्वालियर राजघराने के मुखिया के रूप में आज भी बड़ी संख्या में लोग ज्योतिरादित्य सिंधिया को सम्मानपूर्वक महाराज कहकर संबोधित करते हैं। ऐसे में उनका महिलाओं के बीच बिल्कुल सहज होकर रसोई में काम करना उपस्थित लोगों के लिए यादगार पल बन गया। महिलाओं ने भी इस आत्मीय व्यवहार का स्वागत करते हुए उनके साथ खुलकर बातचीत की।

इसके बाद आयोजित सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने चंदा बैरागी, सोना खान, मीनाक्षी, कामिनी शर्मा तथा ड्रोन दीदी किरण अहिरवार जैसी महिलाओं की सफलता की कहानियां बड़े ध्यान से सुनीं और उनकी सराहना की। सिंधिया ने कहा कि इन महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद आत्मविश्वास, परिश्रम और नवाचार के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है, जो समाज के लिए प्रेरणा है।

सिंधिया ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं तो केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरा समाज आगे बढ़ता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन स्वयं सहायता समूहों का वार्षिक कारोबार ₹1 करोड़ से अधिक होगा और जिन्हें अपने कार्य विस्तार के लिए लोडिंग वाहन की आवश्यकता होगी, उन्हें सांसद निधि से वाहन उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। स्वयं सहायता समूहों, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और अन्य स्वरोजगार कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की हर महिला आत्मनिर्भर, सक्षम और आर्थिक रूप से मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और सरकारी योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी दी। सिंधिया ने सभी समूहों को आगे बढ़कर नए रोजगार सृजित करने और अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User