एक घंटे की बारिश में थम गई मुंबई की रफ्तार: जलभराव और जाम ने खोली तैयारियों की पोल

Jun 29, 2026 - 13:23
 0  81
एक घंटे की बारिश में थम गई मुंबई की रफ्तार: जलभराव और जाम ने खोली तैयारियों की पोल

महाराष्ट्र में मानसून की पहली तेज बारिश ने मुंबई महानगर क्षेत्र की रफ्तार थाम दी। रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश से मुंबई, नवी मुंबई और भिवंडी के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। जगह-जगह जलभराव, बंद पड़े वाहन और लंबे ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी तेज बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

भिवंडी शहर के आमपाड़ा, खांडूपाड़ा, तीन बत्ती, भाजी मार्केट, निजामपुरा और वंजारपट्टी समेत कई निचले इलाकों में घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया। प्रमुख बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव के कारण कई दुकानों और घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।

भारी जलभराव के चलते कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए। वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों को धक्का देकर सुरक्षित स्थान तक ले जाना पड़ा। प्रमुख मार्गों पर घंटों तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि महज एक घंटे की बारिश ने महानगरपालिका की मानसून तैयारियों की पोल खोल दी।

इस बीच प्रभुअली इलाके में लगातार बारिश के कारण एक इमारत की सुरक्षा दीवार ढह गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं शांतिनगर क्षेत्र में कई घरों में पानी घुसने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

बारिश रुकने के बाद अधिकांश इलाकों से पानी धीरे-धीरे निकल गया, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था के दावों पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि हर साल की तरह इस बार भी पहली ही तेज बारिश में शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए, जिससे मानसून पूर्व तैयारियों की वास्तविक स्थिति उजागर हो गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.