बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आई बाइक, डेढ़ साल की मासूम की मौत
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गेहूं से लदा एक ट्रक चढ़ाई पर अचानक नियंत्रण खोकर पीछे की ओर फिसलने लगा और उसकी चपेट में एक बाइक आ गई।
जानकारी के अनुसार, पानीपत से श्रीनगर की ओर गेहूं लेकर जा रहा ट्रक मूल्यागांव के पास चढ़ाई पर बैक गियर में तकनीकी खराबी आने के कारण पीछे की ओर लुढ़कने लगा। ट्रक को पीछे आता देख उसके पीछे चल रहे दूसरे ट्रक चालक ने भी अपना वाहन पीछे करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार अंकित अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी नौनी के साथ वहां पहुंच गए।
अचानक ट्रकों को पीछे आता देख बाइक सवार संभल नहीं सके और उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में मासूम नौनी ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गेहूं से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, जबकि हाईवे पर यातायात बहाल करने के लिए राहत कार्य जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



