कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने गुनिया नदी पदयात्रा पार्ट-2 का किया निरीक्षण, सफाई अभियान को मिली गति

Apr 12, 2026 - 16:26
Apr 12, 2026 - 17:06
 0  108
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने गुनिया नदी पदयात्रा पार्ट-2 का किया निरीक्षण, सफाई अभियान को मिली गति

गुना में गुनिया नदी के पुनर्जीवन और स्वच्छता अभियान के तहत चल रही पदयात्रा पार्ट-2 का आज कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने निरीक्षण किया। यह यात्रा शीतला ब्रिज से शुरू होकर रपटा और शास्त्री ब्रिज होते हुए बड़े पुल तक संपन्न हुई। इस दौरान 20 दिन से चल रहे व्यापक सफाई अभियान की प्रगति का भी अवलोकन किया गया।

यात्रा के दौरान टीम गुनिया, प्रशासनिक अधिकारियों और उपस्थित नागरिकों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव कलेक्टर के समक्ष रखे, जिन पर गंभीरता से विचार किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ पुलों के किनारों और कोनों की सफाई अभी भी पूरी नहीं हो पाई है, जिसे पोकलेन मशीन की सहायता से दो दिनों में पूरा किया जा सकता है। इसके साथ ही नगर पालिका के सुलभ कॉम्प्लेक्स को हटाने का सुझाव भी सामने आया ताकि क्षेत्र की स्वच्छता और बेहतर की जा सके।

नदी किनारे स्थित मकानों और दुकानों के बाहरी हिस्सों को सफाई अभियान के अनुरूप सफेद रंग से पुताई कराने का सुझाव दिया गया, जैसा कि पहले भी 2019 में किया गया था। सभी प्रमुख पुलों के व्हाइट वॉश और शास्त्री ब्रिज की रेलिंग की मरम्मत की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा मंडी क्षेत्र की ओर बनाई गई सड़क को हटाने, नदी से निकली मिट्टी का सही प्रबंधन कर उस पर मुरम डालकर उपयोगी सड़क निर्माण सुनिश्चित करने या फिर अनावश्यक सामग्री को हटाने की बात भी रखी गई। पुलों पर कचरा रोकने के लिए जाली लगाने और चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ-साथ जागरूकता बढ़ाने और नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने का सुझाव भी दिया गया।

बड़े पुल क्षेत्र में एक गेट को अस्थायी रूप से खोलने के लिए छोटी जेसीबी की आवश्यकता भी बताई गई। साथ ही, बड़े पुल स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की बाउंड्री हटाकर ट्रीटेड पानी को भुजरिया तालाब तक पहुंचाने के बजाय सीधे गुनिया नदी में प्रवाहित करने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

कुल मिलाकर यह पदयात्रा न केवल सफाई अभियान की समीक्षा का माध्यम बनी बल्कि स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को भी मजबूत करती नजर आई। अगले रविवार को बड़े पुल से गोविंद गार्डन तक शेष हिस्से की पदयात्रा की जाएगी, जिससे पूरे नदी क्षेत्र के पुनर्जीवन कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0