1 जुलाई से खुलेंगे स्कूल, कलेक्ट्रेट में स्कूल संचालकों की आपात बैठक; सुरक्षा मानकों पर रहेगा सख्त फोकस
जनपद में आगामी 1 जुलाई से सभी स्कूलों के खुलने से पहले प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में 30 जून को शाम 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में विद्यालय यान परिवहन समिति की आपात बैठक बुलाई गई है। बैठक में सभी स्कूल प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और संचालकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत ने बताया कि बैठक में स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन संबंधी मानकों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जांच के दौरान कोई भी स्कूली वाहन निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया तो वाहन के खिलाफ कार्रवाई के साथ संबंधित विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि स्कूल बसों और अनुबंधित निजी वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और बीमा दस्तावेज तत्काल वैध कराए जाएं। साथ ही सभी वाहनों का विवरण व्हीकल पोर्टल पर अपडेट रखना अनिवार्य होगा।
स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र तथा इमरजेंसी गेट पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी वाहन चालकों और परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच तथा पुलिस चरित्र सत्यापन कराना भी अनिवार्य किया गया है।
विभाग ने 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों का पंजीकरण निरस्त कर उन्हें सेवा से हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूलों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए तथा चालकों को नियमित रूप से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का प्रशिक्षण दिया जाए।
एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि मार्ग जांच के दौरान कोई वाहन बिना फिटनेस, बिना परमिट या सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित मिलता है तो उसे तत्काल सीज करने के साथ संबंधित विद्यालय के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



