अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- सपा सरकार आने पर ही आएगी खुशहाली
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक समाज के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा की हत्या, बदायूं में डॉक्टर से मारपीट और गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की हत्या जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में ठेकेदार की हत्या होना सरकार की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि थाने और कचहरी भ्रष्टाचार के केंद्र बन गए हैं और धर्म व जाति के आधार पर फैसले किए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध, जमीनों पर कब्जे और पुलिस हिरासत में मौत जैसी घटनाओं को भी चिंता का विषय बताया।
अखिलेश यादव ने आरक्षण, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि छात्र और नौजवान संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने आदिवासियों की जमीन और जंगलों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा और विंध्य एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान पेड़ों की कटाई का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में न्याय, खुशहाली और संविधान की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को लेकर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक बताते हुए घायल सुखबीर बादल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और घायल सुरक्षाकर्मी को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)