CJP के बाद ‘दिमागी नक्सल पार्टी’: रातोंरात बढ़े लाखों फॉलोअर्स, पीएम मोदी के बयान के बाद शुरू हुआ नया डिजिटल कैंपेन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस भाषण में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द के इस्तेमाल के बाद सोशल मीडिया पर एक नया राजनीतिक कैंपेन तेजी से चर्चा में आ गया है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी सीजेपी के बाद अब ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ और ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया अकाउंट सामने आए हैं।
इंस्टाग्राम पर ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से बनाए गए एक अकाउंट ने बेहद कम समय में बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटाए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अकाउंट ने 24 घंटे के भीतर करीब 1.9 लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि, इस कैंपेन के पीछे कौन है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
एक्स पर भी बनाया गया अकाउंट
एक्स पर @DNJP_India नाम से मौजूद अकाउंट भी चर्चा में है। यह अकाउंट कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, यूट्यूबर ध्रुव राठी, कॉमेडियन कुणाल कामरा और अभिनेता प्रकाश राज समेत कई चर्चित लोगों को फॉलो करता है।
अकाउंट इसी महीने बनाया गया है और इसके संचालक की पहचान सार्वजनिक नहीं है। इसी नाम से अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई अन्य अकाउंट भी दिखाई दे रहे हैं।
‘सोचो, रिसर्च करो, विरोध करो’ है स्लोगन
कैंपेन से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘सोचो, रिसर्च करो, विरोध करो’ स्लोगन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर सवाल उठाने तथा विरोध की बात कही जा रही है।
इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी के अनुसार, इसे इसी महीने बनाया गया था और इसका यूजरनेम एक बार बदला भी गया। अकाउंट पर दर्जनों पोस्ट किए जा चुके हैं। हालांकि, अकाउंट को संचालित करने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।
पीएम मोदी के बयान के बाद तेज हुई चर्चा
15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से दिए अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशस्त्र नक्सलवाद के कमजोर पड़ने का जिक्र करते हुए देश को ‘दिमागी नक्सलियों’ से भी सतर्क रहने की बात कही थी।
इसके बाद विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आईं और सोशल मीडिया पर भी इस शब्द को लेकर बहस शुरू हो गई। इसी राजनीतिक बहस के बीच ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से सामने आया डिजिटल कैंपेन तेजी से लोकप्रिय हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)