शाहजहांपुर में कार की टक्कर से कांवड़िये की मौत, दो घायल; गुस्साए श्रद्धालुओं ने हाईवे किया जाम
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बरेली से कांवड़ लेकर गोला जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को एक कार ने टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बरेली जिले के थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव बरनई निवासी दीपक (17) के रूप में हुई है। हादसे में विकास और पीलीभीत के थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव पुरेना निवासी दीनदयाल भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव बरनई के करीब 45 कांवड़ियों का जत्था 11 अगस्त को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला घाट पहुंचा था। वहां से श्रद्धालु 12 अगस्त को कांवड़ लेकर गोला के लिए रवाना हुए थे। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे खुटार-गोला बाईपास मार्ग पर गांव महुरैया के पास यह हादसा हुआ।
बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे चल रही थी और कांवड़िये पीछे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद नाराज कांवड़ियों ने पीलीभीत-बस्ती हाईवे और गोला-खुटार मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की। वहीं, फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)