कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Monday, August 17, 2026 - 22:50
Updated: 4 hours ago
0
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश कलेक्टर किशोर कन्याल ने दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सभी विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं कृषि विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा

कलेक्टर ने विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय कार्य, राजस्व, पंचायत एवं कृषि विभाग को तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक लंबित रखना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को निर्देशित किया गया कि जिले में जहां भी पेयजल संबंधी समस्याएं हैं, उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जेल विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

कार्य प्रारंभ नहीं करने वालों पर कार्रवाई और वेतन कटौती के निर्देश

बैठक में पीएम जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा की गई। वन विभाग की अनुमति नहीं मिलने के कारण प्रारंभ नहीं हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित ब्लॉक के एसडीएम एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों की प्रथम किस्त की राशि आहरित होने के बाद भी 06 माह बीत जाने पर कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले संबंधित सचिव एवं इंजीनियर सहित संबंधित अधिका‍रियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए। 

पेयजल, जर्जर भवन और वर्षा पूर्व तैयारियों पर जोर

कलेक्टर ने सभी विभागों को वर्षा ऋतु को देखते हुए आवश्यक तैयारियां के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने और जोखिम वाले भवनों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध रूप से सड़क काटने या बिना अनुमति क्षति पहुंचाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जाए।

कृषि महोत्सव और संत रविदास जयंती की तैयारियां

बैठक में कलेक्टर ने कृषि उपसंचालक को 18 अगस्‍त 2026 को बलराम कृषि महोत्सव की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जनजातीय कार्य विभाग को संत रविदास जयंती कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।

गुटका एवं तंबाकू खाने पर लगेगा जुर्माना

ठोस अपशिष्ट प्रणाली को लेकर कलेक्‍टर श्री कन्‍याल ने अधिकारियों को लेकर जल्‍द बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने अपर कलेक्‍टर अखिलेश जैन को कलेक्‍ट्रेट परिसर में गुटका एवं तंबाकू खाने वालों पर 500 रूपये का जुर्माना लगाये जाने के निर्देश दिये।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User