कंगना की टिप्पणी पर विक्रमादित्य सिंह का पलटवार, पूछा- केंद्र ने पेट्रोल-डीजल कितनी बार महंगा किया?
हिमाचल प्रदेश में तेल के दाम बढ़ाए जाने को लेकर भाजपा सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पलटवार किया है। शिमला में नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कंगना को राज्य में तेल की कीमतों पर सवाल उठाने के साथ केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल के दामों में की गई बढ़ोतरी पर भी बात करनी चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने सवाल किया कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें कितनी बार बढ़ाई हैं। उन्होंने कहा कि सांसद को महंगाई के मुद्दे पर भी अपनी बात रखनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने इथेनॉल और पेट्रोल-डीजल में ब्लेंडिंग जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की जरूरत बताई।
60 पैसे की बढ़ोतरी का किया बचाव
प्रदेश सरकार की ओर से तेल की कीमत में की गई बढ़ोतरी का बचाव करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार ने जरूरतमंद वर्ग, अनाथ बच्चों और विधवाओं के लिए केवल 60 पैसे की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि इस फैसले पर सवाल उठाने से पहले केंद्र की नीतियों और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुए बदलाव पर भी चर्चा होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री की 1500 करोड़ रुपये की घोषणा पर सवाल
विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत से प्रधानमंत्री की ओर से हिमाचल प्रदेश के लिए की गई 1500 करोड़ रुपये की घोषणा को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि इस घोषणा का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते समय केंद्र और राज्य सरकारों के फैसलों को भी सामने रखना चाहिए।
बारिश से रोजाना प्रभावित हो रही 200 सड़कें
प्रदेश में सड़कों की स्थिति पर मंत्री ने कहा कि बारिश के कारण रोजाना औसतन 200 सड़कें बाधित हो रही हैं। इनमें से प्रतिदिन करीब 75 से 100 सड़कों को बहाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार युद्ध के कारण बिटुमिन की कीमतें दोगुनी होने से करीब 35 किलोमीटर सड़कों की टारिंग नहीं हो सकी। सरकार बढ़ी हुई कीमतों को देखते हुए अतिरिक्त बजट का प्रावधान करेगी और अक्टूबर के बाद प्रभावित सड़कों की टारिंग का काम शुरू कराया जाएगा।
बागवानी सड़कों के लिए केंद्र से मंजूरी
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि बागवानी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़कों के सुधार के लिए केंद्र से करोड़ों रुपये के बजट को मंजूरी मिली है। इसके तहत खमाड़ी और छैला-यशवंतनगर सड़क समेत कई अन्य मार्गों की स्थिति में सुधार किया जाएगा।
मर्ज एरिया में जल्द शुरू होगी टैक्सी सेवा
मंत्री ने बताया कि राजधानी के मर्ज एरिया और आसपास की पंचायतों को टैक्सी सेवा से जोड़ने की मांग पर भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में जल्द टैक्सी सुविधा शुरू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)