नीति आयोग उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी का बयान: ‘अन्य राज्यों के मुकाबले थमा हुआ है बंगाल का विकास’
नई दिल्ली (आरएनआई)। नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने पदभार संभालते ही पश्चिम बंगाल के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य का विकास अन्य औद्योगिक रूप से अग्रणी राज्यों की तुलना में धीमा पड़ गया है।
लाहिड़ी ने कहा कि पश्चिम बंगाल कभी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल था, लेकिन अब यह तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों से पीछे छूटता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और बदलाव के जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा करने में सरकार संघर्ष करती दिखाई दे रही है। उनके अनुसार, यह स्वीकार करना होगा कि बंगाल का विकास अन्य राज्यों के मुकाबले ठहराव की स्थिति में है।
नए उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि इसे हासिल करने के लिए मजबूत नीतियां और उनका प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नीति बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे जमीन पर लागू करना ही असली चुनौती है।
लाहिड़ी ने अपनी नियुक्ति का श्रेय पश्चिम बंगाल की पुरानी शिक्षा नीतियों को देते हुए कहा कि इन नीतियों ने उनके व्यक्तित्व और करियर को आकार दिया। उन्होंने इसे राज्य के लिए सम्मान की बात बताया।
इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक परिप्रेक्ष्य में चल रहे तनावों, खासकर पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताते हुए उम्मीद जताई कि हालात जल्द सामान्य होंगे। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण में स्पष्ट नीयत और विश्वास होना जरूरी है और वे प्रधानमंत्री द्वारा जताए गए भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने नीति आयोग में पश्चिम बंगाल से जुड़े दो प्रमुख विशेषज्ञों को शामिल किया है, जिससे इस संस्था में राज्य की भागीदारी और प्रभाव बढ़ा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)