बंगाल चुनाव में तेज हुआ प्रचार: राजनाथ बोले ‘परिवर्तन तय’, राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
हुगली (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है। एक ओर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य में बदलाव का दावा किया, तो दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और तृणमूल कांग्रेस दोनों पर हमला बोला।
दक्षिण 24 परगना में जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने भरोसा जताया कि भाजपा पहले चरण में दो-तिहाई से अधिक सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब 93 प्रतिशत मतदान यह संकेत देता है कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और तृणमूल कांग्रेस सरकार का जाना तय है। उन्होंने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केवल भाजपा या एनडीए सरकार ही इसे सुनिश्चित कर सकती है।
वहीं हुगली में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए है क्योंकि ममता बनर्जी भाजपा से सीधे मुकाबला नहीं करतीं।
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय ने उनसे लंबी पूछताछ की, जबकि ममता बनर्जी से कोई सवाल नहीं किए गए। उन्होंने राज्य में उद्योगों के पतन, बढ़ती बेरोजगारी और कथित घोटालों का मुद्दा उठाते हुए टीएमसी सरकार को घेरा।
इस बीच भाजपा नेताओं ने भी तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। चुनावी बयानबाजी के बीच सभी दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को संपन्न हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिसे लेकर राज्य की राजनीति में हलचल चरम पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)