तिरंगा यात्रा निकाल छात्रों ने बुलंद की आवाज, 20 अगस्त को सीएम आवास घेरने का ऐलान; भर्ती परीक्षाएं रद्द करने की मांग
रांची। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में छात्र और नौकरी के अभ्यर्थी शामिल हुए।
यात्रा में भूख हड़ताल पर बैठे दो प्रदर्शनकारी व्हीलचेयर पर भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर छात्रों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल कुछ परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता और हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ी है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कथित अनियमितताओं वाली जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं को रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने सीबीआई जांच या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति गठित कर जांच कराने की मांग दोहराई है।
छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करने का ऐलान किया है। छात्र नेताओं ने सत्तारूढ़ जेएमएम-कांग्रेस पर आंदोलन के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
वहीं, छात्रों ने राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले फूंकने की घोषणा की है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, सरकार की ओर से भर्ती व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)