तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, एमपीआरडीसी सड़क की बदहाली पर उठे सवाल

Thursday, May 14, 2026 - 21:20
Updated: 3 months ago
0
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, एमपीआरडीसी सड़क की बदहाली पर उठे सवाल

गुना (आरएनआई) राघौगढ़ क्षेत्र के डोंगर वार्ड क्रमांक 14 में शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल के सामने मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में महुआखेड़ा निवासी सुशीला बाई केवट की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुशीला बाई अपने पति के साथ बाइक से गांव लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हादसा प्रशासन और एमपीआरडीसी की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। जिस सड़क पर हादसा हुआ वह राजस्थान को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सड़क पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल, बॉटलिंग प्लांट डोंगर और सांदीपनि विद्यालय जैसे बड़े संस्थान इसी मार्ग पर स्थित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे आते-जाते हैं, लेकिन स्कूलों के सामने न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और न ही कोई दिशा सूचक या चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।

इसके साथ ही हाल ही में आयोजित हो रहे श्री राम महायज्ञ भैंसाना का मुख्य चौराहा भी इसी मार्ग पर स्थित है, जहां अंधा मोड़ होने के बावजूद न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई संकेतक लगाए गए हैं। सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों के कारण दृश्यता भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लगभग 7,8 वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन अब तक एक बार भी सही तरीके से मेंटेनेंस नहीं किया गया।

स्थानीय लोगों ने एमपीआरडीसी अधिकारियों पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर, दिशा सूचक बोर्ड, बैरिकेडिंग और सड़क किनारे की झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User